चंपावत: होली के रंग में रंगा चंपावत, मुख्यमंत्री धामी के वर्चुअल शुभारंभ से बढ़ी सांस्कृतिक गरिमा।

Share This Post

दीवान सिंह लड़वाल स्टेडियम में गूंजे कुमाऊँनी सुर, विकास और विरासत पर मुख्यमंत्री का विशेष संदेश।

चंपावत। काली कुमाऊँ की लोकधारा और सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक खड़ी होली महोत्सव मंगलवार को उल्लास और परंपरा के संगम के साथ शुरू हुआ। कलश कला समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया।
जनपद मुख्यालय स्थित दीवान सिंह लड़वाल स्टेडियम में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जैसे ही होलियारों ने सुर-ताल मिलाकर पारंपरिक रागों की प्रस्तुति दी, पूरा वातावरण “हो रामा…” की गूंज से सराबोर हो उठा। दर्शकों ने भी कदम से कदम मिलाकर खड़ी होली की छटा को जीवंत बना दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खड़ी और बैठकी होली केवल पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा हैं। यह परंपरा सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं और हमारी लोक विरासत को संरक्षित रखने का माध्यम बनते हैं।
चंपावत को आदर्श जनपद बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, आईएसबीटी, शारदा रिवर फ्रंट विकास और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को पर्यटन और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने भी पारंपरिक वेशभूषा में होली गायन में सहभागिता कर उत्सव में चार चांद लगा दिए। उनकी उपस्थिति से प्रशासन और जनता के बीच आत्मीयता का संदेश भी गया।
महोत्सव में समिति अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, धर्मराज पुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


Share This Post