खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान शुरू, बाहरी वाहनों और डेयरी उत्पादों की सघन जांच।
चंपावत। होली पर्व और पूर्णागिरि मेले को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने चंपावत से अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए।
अभियान के तहत खाद्य तेल, क्रीम, मैकरोनी, रिफाइंड ऑयल सहित बाहर से आने वाले दूध एवं दुग्ध उत्पादों के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए बाजारों और सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
योगिता तिवारी ने बताया कि बरेली, बदायूं, हल्द्वानी सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जिले की सीमाओं पर भी सघन चेकिंग और नाकेबंदी जारी है, ताकि मिलावटी खोया, पनीर या अन्य मिठाई सामग्री बाजार तक न पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि चंपावत जिले में डेयरी उद्योग के विकसित होने से खोया व अन्य दुग्ध उत्पादों का पर्याप्त स्थानीय उत्पादन हो रहा है। इसके बावजूद यदि बाहर से मिलावटी सामग्री लाने या बेचने का प्रयास किया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
फोटो – चंपावत में खाद्य पदार्थों के नमूने लेती खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी।
चंपावत: होली व पूर्णागिरि मेले से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा।
