चंपावत:  36वें सड़क सुरक्षा माह के तहत चंपावत में पैदल रोड मार्च, यातायात नियमों के प्रति फैलाई जागरूकता।

Share This Post

खटकना पुल से छतार पुल तक निकाले गए रोड मार्च में पुलिस ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश।

चंपावत।  सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद चंपावत में 36वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पैदल रोड मार्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक  के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी चंपावत एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खटकना पुल से छतार पुल तक पैदल रोड मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने सड़क पर चल रहे वाहन चालकों, दुकानदारों, राहगीरों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया।
रोड मार्च के दौरान हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
इसके अतिरिक्त आमजन से नाबालिगों को वाहन न सौंपने, पैदल यात्रियों एवं बुजुर्गों को सड़क पार करते समय प्राथमिकता देने तथा सड़क पर संयमित एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा संचालित ‘गुड समैरिटन (Good Samaritan) योजना’ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता, बल्कि उन्हें कानून द्वारा संरक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे लोग निःसंकोच होकर मानवता के नाते सहायता कर सकें।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। आमजन से अनुरोध किया गया कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।

फोटो_ 36वें सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर चंपावत में पैदल रोड मार्च के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों का संदेश देती पुलिस।


Share This Post