चंपावत: 400 शिक्षकों का सचिवालय घेराव के लिए देहरादून कूच, योग्यता पूरी करने के बाद दोबारा परीक्षा पर भड़का शिक्षक वर्ग।

Share This Post

चंपावत। प्राथमिक शिक्षकों पर प्रस्तावित विभागीय परीक्षा थोपे जाने के विरोध में उत्तराखंड स्टेट प्राइमरी स्कूल एसोसिएशन ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। 22 जून को देहरादून में आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चंपावत जनपद से करीब 400 शिक्षक रवाना हो गए हैं। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में शिक्षकों का बड़ा जत्था अपनी मांगों को लेकर राजधानी पहुंच रहा है।
शिक्षकों का कहना है कि नियुक्ति के समय निर्धारित सभी शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी योग्यताएं पूरी करने के बाद वर्षों तक सेवा देने वाले शिक्षकों से दोबारा परीक्षा लेना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने इसे शिक्षकों के सम्मान, अनुभव और स्वाभिमान पर सीधा प्रहार बताया।
जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल ने कहा कि प्रदेशभर के शिक्षक अपनी जायज मांगों को लेकर एक मंच पर आ चुके हैं। चंपावत से बड़ी संख्या में शिक्षकों की भागीदारी यह दर्शाती है कि शिक्षक समुदाय अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक लगातार विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद बार-बार नई परीक्षाएं और अतिरिक्त शर्तें लागू कर शिक्षकों का मनोबल तोड़ा जा रहा है। सरकार को शिक्षकों के अनुभव, सेवाओं और पूर्व में अर्जित योग्यताओं का सम्मान करना चाहिए।
शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों शिक्षकों के सचिवालय घेराव में शामिल होने की संभावना है, जिससे यह आंदोलन राज्य स्तर पर बड़ा रूप ले सकता है।
देहरादून रवाना होने वालों में जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह फर्त्याल, मंत्री कीर्ति भट्ट, कमल जोशी, कैलाश फर्त्याल, राम प्रसाद कालाकोटी, प्रकाश जोशी, कवीन्द्र तड़ागी, नरेश जोशी, पान सिंह चमलेगी, शंकर अधिकारी, सुभाष सामंत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हैं।

फोटो_सचिवालय घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून रवाना होते चंपावत जनपद के प्राथमिक शिक्षक।


Share This Post