झनकईया मेले की तैयारियां तेज, 24 से उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब।

Share This Post

दस दिन तक चलेगा ऐतिहासिक मेला, मनमाना किराया वसूलने वाले वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई।

खटीमा। भारत-नेपाल सीमा पर शारदा नदी के तट पर लगने वाले ऐतिहासिक झनकईया मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मेला स्थल पर साफ-सफाई का काम चल रहा है, जबकि बाहरी क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारी दुकानें सजाने में जुट गए हैं।
मेला प्रबंधक पूरन धामी ने बताया कि प्रशासन ने मेले के आयोजन की अनुमति दे दी है। 24 नवंबर को मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले इस मेले में श्रद्धालु शारदा नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे।

मेले में भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव ने बताया कि मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों का सत्यापन कराया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर 12-12 फीट जगह छोड़कर दुकानें लगाने की व्यवस्था की गई है, ताकि आवागमन बाधित न हो। भीड़ सामान्य रहने पर बड़ी लोडेड गाड़ियों को आने-जाने की अनुमति दी जाएगी, जबकि भीड़ बढ़ने पर रूट डायवर्ट किया जाएगा।
मेले के दौरान वाहन चालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने वाहन यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्धारित किराया लेने के निर्देश दिए हैं। अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मेले में खानपान, घरेलू सामान और खिलौनों सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें सजेंगी। सिंघाड़े के कारोबार के लिए भी झनकईया मेले की अलग पहचान है। दस दिन तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं और खरीदारों की आवाजाही से क्षेत्र में रौनक रहने की उम्मीद है।

फोटो_मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी देते झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव।


Share This Post