दीपावली पर चंपावत पुलिस का ‘सुरक्षा चक्र’, खुद मोर्चे पर डटी रहीं एसपी रेखा यादव।

Share This Post

त्योहार की खुशियों के आगे हर चुनौती पर भारी पड़ी पुलिस की मुस्तैदी, बैठकों से लेकर ग्राउंड जीरो तक एसपी की सीधी निगरानी; शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पर्व।

चंपावत। दीपावली पर जिले की सड़कों पर सिर्फ दीयों की रोशनी ही नहीं, पुलिस की मुस्तैदी भी दिखाई दी। आम जनता बेखौफ होकर त्योहार मना सके और किसी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने का मौका न मिले, इसके लिए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने खुद सुरक्षा की कमान संभाली। पुलिस महकमे को पहले ही अलर्ट कर चुकी एसपी त्योहार के दौरान ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करती रहीं। उनकी रणनीति और पुलिस बल की सतर्कता का परिणाम रहा कि जिले में दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस बार एसपी का लक्ष्य साफ था—त्योहार के दौरान न सुरक्षा में चूक हो और न जनता की खुशियों में कोई खलल पड़े। इसके लिए दीपावली से पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग बैठकें लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं। बाजारों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

आदेश देने तक सीमित नहीं रहा नेतृत्व, खुद मैदान में उतरीं एसपी_

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने अपनी कार्यशैली से यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल अधीनस्थों को निर्देश देने से पूरी नहीं होती। वह खुद विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचीं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात जवानों का उत्साह बढ़ाया और आम नागरिकों के बीच पहुंचकर सुरक्षा का भरोसा कायम किया। पुलिस की इस सक्रियता से साफ संदेश गया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

महाकाली सीमा पर भी दिखा पुलिस का समन्वय_

भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी के दोनों ओर तैनात सशस्त्र सीमा बल, नेपाल पुलिस और चंपावत पुलिस के जवानों ने मिलकर दीपावली मनाई। इस दौरान सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने तथा आपसी तालमेल बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।

दीपावली के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर एसपी ने पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा तथा सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मॉडल जिले चंपावत को बेहतर पुलिसिंग और पुलिस-जनता के मजबूत समन्वय की मिसाल बनाना है।

राज्य स्थापना दिवस पर उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य को समृद्ध, वैभवशाली और अपराधमुक्त बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं। पुलिस का वास्तविक दायित्व केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम कर प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

फोटो_दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभालते हुए पुलिस बल के साथ ग्राउंड जीरो पर एसपी रेखा यादव।


Share This Post