देहरादून: बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सीएम धामी सख्त, अफसरों को कड़ी हिदायत।

Share This Post

देहरादून में छह दिन में तीन हत्याओं के बाद हाई-लेवल मीटिंग।

देहरादून।  राज्य में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, विशेषकर राजधानी देहरादून में पिछले छह दिनों के भीतर हुई तीन हत्याओं के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इन घटनाओं ने पुलिसिंग और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।


मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय डीजी/आईजी सम्मेलन से प्राप्त निष्कर्षों की समीक्षा करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटन प्रबंधन, राजस्व, नशा मुक्ति, अभियोजन, कारागार सुधार एवं जनशिकायत निवारण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यशैली और जनसेवा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस और प्रशासन का प्रत्येक विभाग आम जनता के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाए।
पुलिस व्यवस्था पर कड़ा रुख दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि थाना-चौकियों सहित जमीनी स्तर पर कार्य संस्कृति में तत्काल सुधार किया जाए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आम नागरिकों के साथ मानवीयता, संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।


Share This Post