नैनीताल:  बेतालघाट में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण सम्पन्न।

Share This Post

ग्रामीण उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।

बेतालघाट, (नैनीताल) 29जून। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड सभागार, बेतालघाट में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) सोमवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 27 से 29 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण में नए उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं एवं पहले से व्यवसाय कर रहे ग्रामीण उद्यमियों ने प्रतिभाग किया।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (आईआईई), गुवाहाटी तथा उत्तराखंड स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (यूएसआरएलएम) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित माइक्रो एंटरप्राइज डेवलपमेंट (एमईडी) कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रोग्राम मेंटर किरन पंत ने सूक्ष्म उद्यम की स्थापना, व्यवसाय का चयन, व्यवसाय योजना तैयार करने, उद्यम प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता, विपणन, लाभ-हानि के आकलन और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से व्यवसाय शुरू कर ग्रामीण युवा स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के ब्लॉक मिशन मैनेजर विशाल कुमार, बिपिन जोशी, उमेश सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन और उद्यम विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। वहीं आरबीआई रूरल बिजनेस इन्क्यूबेटर के ओमप्रकाश पांडेय ने उद्यम पंजीकरण (उद्यम रजिस्ट्रेशन), उसके लाभ, आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सीआरपी-ईपी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अपने व्यवसाय में लागू कर स्वरोजगार को मजबूत बनाने तथा नए उद्यम स्थापित करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

फोटो_बेतालघाट ब्लॉक सभागार में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण के समापन अवसर पर अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी।


Share This Post