डीएम के निर्देश पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश, लोगों से सतर्क रहने की अपील।
चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देश पर गुरुवार, 09 जुलाई 2026 को जनपद चंपावत के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, परिषदीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास) को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यधिक तीव्र वर्षा की संभावना है। इसके चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और संवेदनशील क्षेत्रों में खतरा उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई है।
जिला प्रशासन ने आमजन और अभिभावकों से अपील की है कि मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।
भारी बारिश का अलर्ट- चंपावत में आज सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद।
