

एक माह तक गांव-गांव से धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक चलेंगे सेवा व जनकल्याण के कार्यक्रम
चंपावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को चंपावत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय एवं जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में जिलेभर में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। मत्स्य पालक प्रकाश कुमार ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभ बताए। कैलाश सिंह ने बताया कि निजी नौकरी के बाद बकरी पालन, गो-पालन और सब्जी उत्पादन से जुड़कर वह स्वरोजगार की ओर बढ़ रहे हैं। बलदेव जोशी और कैलाश गिरी ने तारबाड़, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन से मिल रहे लाभ की जानकारी दी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए करीब 10 से 12 करोड़ रुपये की पहल के तहत किसानों को तारबाड़ का लाभ देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अभियान के तहत गुरुवार शाम गोरलचौड़ स्थित गोल्ज्यू मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके अलावा पूर्णागिरि, श्यामलाताल, टी-गार्डन, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा सहित प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। सभी ग्राम पंचायतों में भी सेवा संकल्प दिवस मनाया जाएगा।
एपीडी विम्मी जोशी ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा फर्स्ट’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम होंगे। इनमें स्वच्छता, पोषण, मातृ-शिशु कल्याण, वृक्षारोपण, शिक्षा, इनोवेशन, स्टार्टअप और रिसर्च से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, दर्जा प्राप्त मंत्री किरन जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष निर्मल माहरा, रेडक्रॉस चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, सीडीओ अजय सिंह सहित अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो_जिला कार्यालय सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय एवं जनप्रतिनिधि।




