लगातार बारिश के बीच चंपावत हाई अलर्ट पर, जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय।

Share This Post

चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद चंपावत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सतर्क रहकर किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूस्खलन, जलभराव, सड़क बाधित होने, भवन क्षति अथवा अन्य किसी भी आपदा संबंधी घटना की सूचना मिलते ही बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए और इसकी जानकारी तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) को दी जाए। उन्होंने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय है तथा पूरे जनपद में वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ, एडीबी, सीपीडब्ल्यूडी समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के कारण यदि कोई मोटर मार्ग बाधित होता है तो उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं पुलिस को भी भारी वर्षा के दौरान यात्रियों और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने तथा मौसम सामान्य होने के बाद ही आवागमन की अनुमति देने के निर्देश दिए गए हैं।
बरसात के मौसम को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही सभी राजस्व उप निरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर मौसम की स्थिति की नियमित सूचना जिला आपातकालीन कंट्रोल रूम (डीईओसी) को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। थाना, चौकी और आपदा प्रबंधन की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (QRT) को भी आवश्यक उपकरणों एवं वायरलेस सेट के साथ अलर्ट रहने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।

आपदा अथवा आपात स्थिति में इन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें—
जिला आपदा परिचालन केंद्र: 05965-230819
टोल फ्री: 05965-230703
आपदा हेल्पलाइन: 1077
व्हाट्सएप/मोबाइल (Airtel): 7895318895
व्हाट्सएप/मोबाइल (BSNL): 7579060090
व्हाट्सएप/मोबाइल (Jio): 9528135726


Share This Post