हरिद्वार:  22 जनवरी को हरिद्वार दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह, एक के बाद एक तीन बड़े कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत।

Share This Post

हरिद्वार।  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 22 जनवरी को हरिद्वार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एक के बाद एक तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह सुबह 10 बजे पतंजलि योगपीठ परिसर पहुंचेंगे, जहां वे इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इसके पश्चात सुबह 10:45 बजे गृह मंत्री शांतिकुंज स्थित गायत्री तीर्थ पहुंचेंगे, जहां वे अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे और गायत्री परिवार के वरिष्ठजनों से भेंट करेंगे।
इसके बाद सुबह 11:15 बजे अमित शाह बैरागी द्वीप में आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी तथा अखंड दीप शताब्दी वर्ष का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव किया गया है। पुलिस-प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

फोटो_ गृहमंत्री अमित शाह।


Share This Post