खटीमा: एडवांस फीस न देने पर छात्रों को परीक्षा से रोके जाने का आरोप, अभिभावकों में आक्रोश।

Share This Post

खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र, जांच के आदेश



उधम सिंह नगर (खटीमा)।  खटीमा क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय पर एडवांस फीस जमा न किए जाने के कारण छात्रों को इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल न होने देने का गंभीर आरोप लगा है। इसको लेकर आक्रोशित अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय कार्यालय द्वारा एडवांस फीस जमा कराने के लिए लगातार फोन कॉल किए गए तथा मैसेज भेजे गए। फीस जमा न होने की स्थिति में छात्रों को प्रैक्टिकल परीक्षा में बैठने से रोके जाने की चेतावनी दी गई, जिससे छात्रों और अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
मामले का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को कार्यालय तलब किया और अभिभावकों के प्रतिनिधि मंडल के समक्ष दोनों पक्षों की वार्ता कराई। उन्होंने स्पष्ट किया कि फीस के नाम पर किसी भी प्रकार का शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा। पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।
इस दौरान अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि निजी विद्यालयों द्वारा फीस के नाम पर हो रहे कथित शोषण पर रोक नहीं लगी, तो ऐसे विद्यालयों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय बंसल ने मामले की जांच स्कूल स्तर पर कराए जाने की बात कही है।

बाइट_ गणेश ठकुराठी, पीड़ित अभिभावक।


Share This Post