लोहाघाट के छमनियां कैंप में 36वीं वाहिनी द्वारा भीड़ नियंत्रण की मॉक ड्रिल, जवानों ने सुरक्षा घेरा बनाकर संभाली स्थिति।
लोहाघाट। छमनियां कैंप लोहाघाट स्थित आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी परिसर में हिमवीर जवानों द्वारा क्राउड कंट्रोल (भीड़ नियंत्रण) का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। कमांडेंट संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में जवानों ने आपात परिस्थितियों में भीड़ को शांतिपूर्वक नियंत्रित करने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया।
निरीक्षक जी.डी. राजेश कुमार के नेतृत्व में हिमवीरों ने लाठी चार्ज, सुरक्षा घेरा बनाना तथा भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने की रणनीतियों का अभ्यास किया। इस दौरान जवानों ने दिखाया कि संवेदनशील परिस्थितियों में किस प्रकार धैर्य और रणनीति के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जवानों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रखना तथा भीड़ को नियंत्रित करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना था।
इस अवसर पर सहायक सेनानी मनमोहन सिंह, प्रिन्स कुमार दत्ता, डॉ. फिलिप गंगटे, अक्षय गणपति, अंकुर कुमार सहित वाहिनी के अन्य हिमवीर अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
फोटो – लोहाघाट के छमनियां कैंप में क्राउड कंट्रोल का प्रदर्शन करते आईटीबीपी के हिमवीर जवान।
चंपावत: आईटीबीपी के हिमवीरों ने दिखाया क्राउड कंट्रोल का दम, आपात स्थिति से निपटने का किया प्रदर्शन।
