चंपावत: कमेटी के नाम पर 50 लाख की ठगी का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

Share This Post

एसओजी की कार्रवाई, न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल।

चंपावत। जिले में कमेटी (चिटफंड) के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चंपावत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर ठगी के मामलों में सख्त कार्रवाई के तहत यह गिरफ्तारी की गई। क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण में एसओजी टीम ने सूचना संकलन और सतर्क निगरानी के आधार पर आरोपी को दबोचा। पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान थाना रामनगर, जनपद नैनीताल क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना चंपावत में एफआईआर संख्या 02/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद बल्लभ जोशी उर्फ अजय जोशी, पुत्र कृष्णानंद जोशी, निवासी वार्ड नंबर 01, सौन गांव, थाना भीमताल, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय चंपावत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की कमेटी या निवेश योजनाओं से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या नजदीकी थाना/चौकी को दें।

फोटो – चंपावत में ठगी के आरोपी आनंद बल्लभ जोशी को गिरफ्तार कर ले जाती एसओजी टीम।


Share This Post