चंपावत: जनता मिलन बना जनसेवा का मजबूत मंच, 93 शिकायतों पर सुनवाई।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार का सख्त संदेश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

चंपावत। जनपद में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम इस बार पूरी तरह जनसेवा के नाम रहा। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में कुल 93 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा तय कर कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन में टनकपुर, बनबसा, पंचेश्वर, रीठाखाल, देवीधुरा, खेतीखान, तल्लादेश, मध्य गंगोल और नयादेश सहित कई दूरस्थ क्षेत्रों से लोग पहुंचे। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को सरकार द्वारा दिए गए संसाधन जनता की सेवा के लिए हैं, यदि कोई लापरवाही करेगा तो उसके लिए प्रशासन में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि दिए गए निर्देशों का वास्तविक रूप से पालन हो। जिलाधिकारी ने कहा कि अब जनता मिलन कार्यक्रम की मॉनिटरिंग स्वयं की जा रही है और समय-समय पर लाभार्थियों से बात कर यह देखा जा रहा है कि समस्याओं का समाधान हुआ या नहीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र से आई एक वृद्ध महिला की समस्या जिलाधिकारी ने विशेष संवेदनशीलता के साथ सुनी और तत्काल समाधान के निर्देश दिए, जिससे वह संतोष के साथ लौटी।
जनता मिलन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो_ दूर दराज से आई आमा की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post