चंपावत: जनसेवा शिविर में उमड़ा भरोसा, 642 लोगों तक पहुँची सरकार की सीधी दस्तक।

Share This Post

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत चंपावत में बहुउद्देश्यीय शिविर; 57 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, सैकड़ों लाभार्थी हुए लाभान्वित।


चंपावत। राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत नगरपालिका क्षेत्र के गौरलचौड़ मैदान में आयोजित बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय दिया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी, प्रमाण पत्र वितरित किए और पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया। कुल 642 नागरिकों ने शिविर में प्रतिभाग किया, जिनमें से 328 से अधिक लाभार्थियों को तत्काल लाभ मिला। 21 प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 73 प्राप्त शिकायतों में से 57 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण करते हुए फरियादियों की समस्याएँ स्वयं सुनीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मामले में ढिलाई न बरती जाए। शिविर के दौरान कलावती देवी की पारिवारिक पेंशन, मोती देवी की दिव्यांग पेंशन, रमेश रावत की किसान पेंशन स्वीकृत की गई। जगदीश प्रसाद प्रहरी और अनिल सिंह तड़ागी को मुख्यमंत्री सहायता के तहत आर्थिक मदद प्रदान की गई। गीता तिवारी व मधु देवी की किसान सम्मान निधि e-KYC पूर्ण की गई, जबकि फिरोजा खातून, मंजू देवी, रामा देवी और संगीता प्रहरी के राशन कार्ड व परिवार रजिस्टर संबंधी मामलों का समाधान किया गया। हीरा बल्लभ उप्रेती की पेयजल समस्या भी मौके पर निस्तारित की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बसंती देवी के आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन और निर्मला सामंत के जन्म प्रमाण पत्र आवेदन का भी शिविर स्थल पर ही समाधान किया गया। नगर पालिका परिषद के पर्यावरण मित्रों ने सामूहिक रूप से आवास कॉलोनी से जुड़ी समस्याएँ रखीं, वहीं पुष्पा देवी ने सरकारी आवास की मरम्मत की मांग उठाई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाज कल्याण, पूर्ति और कृषि विभाग को विशेष रूप से पेंशन एवं राशन कार्ड से जुड़े मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचना ही इस अभियान का उद्देश्य है। शिविर में मा. दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



फोटो – गौरलचौड़ मैदान में आयोजित जनसेवा शिविर में फरियादियों की समस्याएँ सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post