चंपावत: देवीधुरा का बाराही धाम बनेगा भव्य धाम, कल सीएम पुष्कर सिंह धामी रखेंगे मंदिर की आधारशिला।

Share This Post

शिलान्यास से पहले तेज हुई तैयारियां, डीएम ने किया निरीक्षण, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल

लोहाघाट।  देवीधुरा के ऐतिहासिक बाराही धाम में 20 मार्च को भव्य मंदिर निर्माण का शिलान्यास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोग इस अवसर को गौरवपूर्ण क्षण मानते हुए कार्यक्रम की तैयारियों में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बाराही धाम पहुंचकर हेलीपैड, सड़क मार्ग, पार्किंग स्थल और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हों और श्रद्धालुओं तथा अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान श्री बाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, दिनेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंदिर निर्माण की रूपरेखा और शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। मंदिर के भव्य निर्माण के लिए गुजरात के सोमपुरा ग्रुप के अध्यक्ष विपुल द्विवेदी और दिल्ली के आर्किटेक्ट सी.वी. टम्टा भी देवीधुरा पहुंच चुके हैं।
मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का बाराही धाम से विशेष लगाव रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में इस कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह है। उन्होंने बताया कि शिलान्यास समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए धाम को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
उपजिलाधिकारी नितेश डागर, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। प्रशासन के अनुसार हेलीपैड और आवागमन मार्ग पूरी तरह तैयार कर लिए गए हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

फोटो_बाराही धाम में तैयारियों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post