चंपावत। नगर पालिका परिषद् की बोर्ड बैठक सोमवार को अध्यक्षा प्रेमा पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में नगर विकास, सामाजिक योजनाओं एवं आगामी सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वार्ड संख्या 07, नागनाथ वार्ड के अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र में अवस्थापना विकास योजनान्तर्गत (एससीपी) समाज कल्याण विभाग को प्रेषित आगणन एवं प्रस्तावों पर विचार किया गया।

पालिका बोर्ड ने सर्वसम्मति से इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। निर्णय से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलने से इन आयोजनों से न केवल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय शिल्पकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों को भी अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच प्राप्त होगा। इससे पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन, जैविक उत्पाद और पहाड़ी संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। साथ ही बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से होटल, होमस्टे, परिवहन और छोटे व्यापारियों की आय में भी वृद्धि होगी। जिससे समूचे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी,साथ ही प्रस्तावित गोल्ज्यू महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाते हुए भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त चंपावत कार्बेट महोत्सव तथा सरस फूड फेस्ट के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
बैठक में अध्यक्षा प्रेमा पाण्डेय ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य हों। नागनाथ वार्ड के एससीपी प्रस्तावों को स्वीकृति देकर हम सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के विकास को मजबूत आधार दे रहे हैं। साथ ही गोल्ज्यू महोत्सव, कार्बेट महोत्सव और सरस फूड फेस्ट जैसे आयोजनों के माध्यम से चंपावत की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी और स्थानीय व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।”
बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सभासद प्रेमा चिलकोटी,मणिप्रभा तिवारी,नन्दन सिंह तड़ागी, दिनेश चन्द्र बरदोला, रोहित बिष्ट, बबीता प्रहरी, पूजा वर्मा,गौरव कलोनी,सहित पालिका से जगदीश लाल साह (सहायक लेखाकार), आशीष धीमान (अवर अभियन्ता),महेश चौहान (सिटी मिशन मैनेजर), प्रदीप भट्ट तथा पवन पाण्डेय भी बैठक में मौजूद रहे।

