चंपावत। जनपद चंपावत के छतार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब चंपावत से लोहाघाट की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कैंटर को भी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना में कार चालक को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या UK03-9670 लोहाघाट की ओर जा रही थी। छतार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और टनकपुर की ओर जा रहे कैंटर से जा भिड़ा। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात को सुचारु कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार ज्यादा होती तो बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की भी तलाश की जा रही है।
चंपावत: नशे में ड्राइविंग बनी हादसे की वजह!छतार में कार-कैंटर की जोरदार टक्कर, चालक फरार।
