चंपावत: नारी शक्ति का सम्मान, टनकपुर में प्रेरक महिलाओं को मिला मंच।

Share This Post

टनकपुर (चंपावत)। नगर पालिका सभागार में शनिवार को आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम प्रेरणा, आत्मविश्वास और संघर्ष की कहानियों से सराबोर रहा। उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता माहरा की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। सभागार में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच महिलाओं को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को जनजागरूकता अभियान का स्वरूप देने वाली दीपा देवी, ई-रिक्शा संचालन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली गौरी देवी, पारंपरिक ऐपण कला को नई पहचान दिलाने वाली कनिका ठाकुर, समाजसेवा में सक्रिय उर्मिला चंद तथा अधिवक्ता के रूप में महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली एडवोकेट ऋतु सिंह को मंच पर श्वेता माहरा ने सम्मानित किया। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मीडिया से बातचीत में श्वेता माहरा ने कहा कि नारी शक्ति समाज परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने युवतियों से शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से हर बाधा को पार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने विचार भी साझा किए। संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर अलप महर एवं इशिका जोशी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।


Share This Post