चंपावत। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या एवं 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर चंपावत में खेल, स्वास्थ्य और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का प्रेरक दृश्य देखने को मिला। खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद मुख्यालय में विभिन्न वर्गों की क्रॉस कंट्री दौड़ का भव्य आयोजन किया गया।
प्रातः 9 बजे अंबेडकर पार्क से प्रारंभ हुई यह दौड़ ढकना–बडोला रोड होते हुए पुनः अंबेडकर पार्क में संपन्न हुई। पहाड़ी मार्ग पर आयोजित इस दौड़ ने युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और आत्मविश्वास का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन नगर पालिका की अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा देवी द्वारा किया गया।
क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कठिन मार्ग और ठंडे मौसम के बावजूद धावकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

ओपन पुरुष वर्ग (10 किमी) में पंकज महर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुनील कुमार द्वितीय, चंचल बिष्ट तृतीय, कमल महर चतुर्थ, प्रकाश सिंह पंचम एवं कमल जोशी छठे स्थान पर रहे।
ओपन बालिका वर्ग (5 किमी) में ऊषा थवाल ने शानदार जीत दर्ज की। गीतिका महर द्वितीय, अनीता रावत तृतीय, अंजली रावत चतुर्थ, पुष्पा पंचम तथा बबीता छठे स्थान पर रहीं। वहीं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के जूनियर बालक (5 किमी) में आरुष सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। अमन गिरी द्वितीय, रमन बोहरा तृतीय, अनुज बोहरा चतुर्थ, दिव्यांशु महर पंचम एवं विपिन सिंह बिष्ट छठे स्थान पर रहे।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पहाड़ के युवाओं में अपार खेल प्रतिभा है, जिसे सही दिशा और मंच देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा मतदाता जागरूकता, नशा मुक्त भारत अभियान और सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय द्वारा उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता शपथ एवं नशा मुक्त भारत शपथ दिलाई गई। वहीं यातायात निरीक्षक हयात सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक देव नाथ गोस्वामी, जिला खेल समन्वयक प्रदीप बोरा, चंदन सिंह अधिकारी, खेल विभाग से कृष्ण कुमार, सुनील जोशी, राजेंद्र प्रसाद, उमेश राय, कमल सिंह सहित अनेक खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
