चंपावत: पूर्णागिरी धाम में 27 फरवरी से शुरू होगी आस्था की महायात्रा, प्रशासन अलर्ट!

Share This Post

“हर श्रद्धालु का मेहमान की तरह स्वागत करें” — डीएम

चंपावत (टनकपुर)। 27 फरवरी से प्रारम्भ होने वाली उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध पूर्णागिरी मंदिर यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्णागिरि मार्ग का पैदल एवं रात्रिकालीन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि धाम आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु जनपद का अतिथि है, अतः उसका स्वागत मेहमान की तरह किया जाए। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने यात्रा मार्ग पर मुंडन करने वाले संचालकों के लिए अधिकतम शुल्क 150 रुपये निर्धारित करने की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि अधिक वसूली पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल निगम को प्रमुख पड़ावों पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार टैंकर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को पर्याप्त शौचालय स्थापित कर नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने तथा संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेटिंग मजबूत करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को बिजली लाइनों का सुरक्षा ऑडिट कराने, जर्जर तार बदलने और यात्रा क्षेत्र में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
दुकानदारों को सड़क अथवा यात्रा मार्ग पर सामान न रखने, प्रत्येक दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखने तथा प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए। उल्लंघन की स्थिति में चालान एवं विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम ने सभी विभागों को 27 फरवरी से पूर्व तैयारियां पूर्ण कर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share This Post