चंपावत। चंपावत मुख्य बाजार में स्थित कमला देवी पत्नी दीवान राम के दो कमरों वाले दो मंजिला आवासीय भवन में बुधवार को अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण आग फैलने की आशंका से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम एवं पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ व तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के अभियान में सभासद रोहित बिष्ट, व्यापार संघ के हरीश सकटा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग और व्यापारी सक्रिय रूप से जुटे रहे। उन्होंने पानी की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और फायर कर्मियों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन की ओर से तहसीलदार बृजमोहन आर्य और राजस्व निरीक्षक दीन दयाल वर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित भवन का निरीक्षण किया तथा प्रारंभिक नुकसान का आकलन किया। साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहायता देने का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। विद्युत शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
फोटो_ घटनास्थल का जायजा और राहत कार्यों की कमान संभालते उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य।
चंपावत मार्केट के दो मंजिला भवन में भीषण आग, तत्परता से टला बड़ा हादसा।
