चंपावत में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, पुनेठी में बनेगी शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट।

Share This Post

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को मिली रफ्तार, जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल पर 0.200 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित‌।


चंपावत। जनपद को आदर्श जिला बनाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को साकार करते हुए ग्राम पुनेठी में शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने पुनेठी स्थित राजस्व विभाग की 0.200 हेक्टेयर भूमि को खेल विभाग, उत्तराखंड शासन को हस्तांतरित कर दिया है। यह भूमि हस्तांतरण शासन द्वारा निर्धारित नियमों और लोक प्रयोजन के मानकों के अनुरूप किया गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने चंपावत भ्रमण के दौरान जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने की घोषणा की थी, जिसके तहत शूटिंग रेंज के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था। उसी घोषणा को अमलीजामा पहनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस पहल से जनपद के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही भविष्य में यहां राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से चंपावत के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।


Share This Post