चंपावत: मेहनत लाई रंग-  गुंजन पाटनी व भव्य गहतोड़ी का नवोदय में चयन, क्षेत्र में जश्न का माहौल।

Share This Post

लोहाघाट। पाटी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इंडस नेशनल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा गुंजन पाटनी एवं भव्य गहतोड़ी ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दोनों विद्यार्थियों के चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल बन गया। ग्रामीण परिवेश से निकलकर मिली इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों ने गौरव का क्षण बताया है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि गुंजन और भव्य शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती और लगनशील रहे हैं। दोनों विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन के साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन में नवोदय विद्यालय की परीक्षा की तैयारी की थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन ने दोनों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही दिशा और प्रोत्साहन की होती है। गुंजन और भव्य की सफलता से यह साबित हुआ है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अविभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है।
क्षेत्र के लोगों ने दोनों होनहार बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और भविष्य में क्षेत्र से और भी विद्यार्थी नवोदय सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करेंगे।


Share This Post