चंपावत। जनता को राहत देने और सरकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजना “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” के तहत विकासखंड लोहाघाट की न्याय पंचायत रौसाल में बहुउद्देश्यीय जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित इस शिविर में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएँ, शिकायतें एवं मांगें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं। मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। शिविर में 543 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिया गया तथा 38 शिकायतें दर्ज की गईं।
इस अवसर पर 23 से अधिक विभागों ने एक ही छत के नीचे सेवाएँ प्रदान कीं। चिकित्सा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, आयुष, श्रम, सेवायोजन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र निर्माण, पंजीकरण, योजनाओं की स्वीकृति एवं जानकारी उपलब्ध कराई गई। शिविर के दौरान 19 से अधिक प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए, वहीं आधार पंजीकरण/संशोधन एवं समान नागरिक संहिता के तहत पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद साबित हो रहे हैं।
फोटो_ रौसाल में आयोजित “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” शिविर में विभागीय स्टॉलों से सेवाएँ लेते ग्रामीण।
चंपावत: रौसाल में प्रशासन–जनता सीधा संवाद, शिकायतों का मौके पर निस्तारण।
