चंपावत: लोहाघाट–पिथौरागढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा।

Share This Post

दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर, सात घायल—दो की हालत गंभीर।


लोहाघाट। लोहाघाट–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर सिंगदा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारचूला से सितारगंज की ओर जा रही एक स्कार्पियो और टनकपुर से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एसयूवी 700 के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में घायलों का उपचार किया जा रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में घायल महिला पार्वती देवी (55) की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि भागीरथी देवी का हाथ फैक्चर हो गया है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पिथौरागढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।


सूचना पर चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और अशोक वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में भागीरथी एतवाल (42) निवासी नेपाल, पार्वती देवी (55) निवासी नेपाल, नरेश जोशी निवासी महेंद्र नगर, लक्ष्मी निवासी महेंद्र नगर, बिसनी देवी (48) निवासी सितारगंज और 8 वर्षीय वैष्णवी शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में उनका समुचित इलाज किया जा रहा है।


Share This Post