कलेक्ट्रेट चंपावत में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार करेंगे विमोचन।
लोहाघाट। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सौजन्य से तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट की ओर से वनाग्नि जागरूकता पर आधारित चल रहे शोध कार्य के अंतर्गत कुमाऊनी भाषा में तैयार दो वृत्तचित्र सह चलचित्र प्रस्तुतियों का लोकार्पण किया जाएगा।
इन वृत्तचित्रों की परिकल्पना, रचना एवं निर्देशन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान लोहाघाट के कार्यानुभव विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ कमल गहतोड़ी द्वारा किया गया है। स्थानीय भाषा में तैयार किए गए इन वृत्तचित्रों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों सहित आम लोगों तक वनाग्नि के कारणों, उससे होने वाले नुकसान और बचाव के उपायों की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि जंगलों को आग की घटनाओं से बचाने के लिए समाज की भागीदारी बढ़ सके। इन दोनों प्रस्तुतियों का लोकार्पण सोमवार को कलेक्ट्रेट चम्पावत में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा किया जाएगा। यह पहल वनाग्नि जैसे गंभीर विषय पर जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है, जिससे स्थानीय भाषा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंच सकेगा।
फोटो – इसी वृत्तचित्र का सोमवार को जिलाधिकारी करेंगे लोकार्पण।
चंपावत: वनाग्नि रोकथाम की दिशा में पहल: कुमाऊनी भाषा में बने दो वृत्तचित्रों का 16 मार्च को लोकार्पण।
