चंपावत। कोतवाली चंपावत क्षेत्र के ग्राम खर्कबगड़ (ग्राम पंचायत खलकडिया) में मधुमक्खी के छत्ते को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी ने आक्रोश में आकर फावड़े से वार कर 83 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त फावड़ा (आला-कत्ल) व खून से सने कपड़े बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार 07 फरवरी 2026 को डीसीआर से सूचना मिली कि खर्कबगड़ में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में सामने आया कि स्व. अम्बादत्त खर्कवाल (83 वर्ष) निवासी ग्राम खर्क, पोस्ट धामीसीन, अपने पैतृक घर खर्कबगड़ आए हुए थे।
बताया गया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी सुभाष खर्कवाल (40 वर्ष) निवासी सनिया खर्कबगड़ ने मृतक के घर पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को तोड़कर शहद निकाल लिया था। इस पर मृतक अपने पुत्र संजय खर्कवाल से फोन पर शिकायत की बात कर रहे थे। यह सुनकर आरोपी आवेश में आ गया और आंगन में पड़े फावड़े से बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र संजय खर्कवाल की तहरीर पर कोतवाली चम्पावत में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कर फावड़ा और खून से सने कपड़े बरामद किए। पंचायतनामा भरने के बाद पैनल डॉक्टरों द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की विवेचना जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फोटो_ चंपावत पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी सुभाष खर्कवाल।
चंपावत: शहद के विवाद में फावड़े से वार, बुजुर्ग की हत्या — आरोपी गिरफ्तार।
