चंपावत: सिविल न्यायालय में अधिवक्ताओं को चैम्बर सुविधा दिलाए जाने की मांग।

Share This Post

विधायक प्रतिनिधि के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन।

चंपावत। जनपद चंपावत स्थित सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए स्थायी चैम्बर सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर आवाज़ बुलंद की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय परिसर में बैठकर कार्य करने हेतु कोई स्थायी चैम्बर व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण उन्हें खुले वातावरण में ही अपने विधिक कार्य संपादित करने पड़ते हैं। खुले वातावरण में गर्मी, सर्दी और बरसात के मौसम में काम करना कठिन हो जाता है। इसके साथ ही वादकारियों से संबंधित कागजात, बेल बॉण्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में भी कठिनाइयां आती हैं। तेज़ हवा, मच्छरों और मधुमक्खियों की उपस्थिति से न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस संबंध में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन पत्र विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी को सौंपा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि ने कहा, “सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। इस विषय में मुख्यमंत्री से शीघ्र वार्ता कर इसका समाधान कराया जाएगा। अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि आधुनिक तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यायालय परिसर में समुचित सुविधाओं से युक्त चैम्बर का निर्माण किया जाए, ताकि न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
साथ ही, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह पहल मा.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी की आदर्श चंपावत की परिकल्पना के अनुरूप है, जिसमें चंपावत को आधुनिक और सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

फोटो_ विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी को सिविल न्यायालय परिसर में चैम्बर सुविधा का ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता।


Share This Post