देहरादून: फरवरी में मिलेगा नंदा गौरा व एकल महिला स्वरोजगार योजना का लाभ- रेखा आर्या

Share This Post

पात्र लाभार्थियों की सूची फाइनल, पहले सप्ताह में होगा धन वितरण

कैबिनेट मंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

देहरादून।  प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना तथा एकल महिला स्वरोजगार योजना के पात्र लाभार्थियों को फरवरी के प्रथम सप्ताह में धनराशि वितरित कर दी जाएगी। सोमवार को सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत अब तक 11 जनपदों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार हो चुकी है। इनमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं तथा 6,021 नवजात बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। सभी पात्र लाभार्थियों को एक विशेष कार्यक्रम के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। शेष दो जनपदों की सूची शीघ्र फाइनल करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अब तक 504 पात्र महिलाओं की सूची अंतिम रूप ले चुकी है, जिन्हें फरवरी के पहले सप्ताह में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त दो जनपदों की 331 पात्र महिलाओं की सूची तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ी राहत_
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आंगनबाड़ी कल्याण कोष के अंतर्गत सेवा निवृत्त होने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1 अप्रैल से ₹1 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में इस राशि को और बढ़ाने की भी तैयारी की जा रही है।

वृद्ध महिलाओं के लिए नई योजना पर मंथन_

बैठक के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रदेश की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय एवं भावनात्मक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से एक नई योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं से संवाद व सर्वेक्षण किया जाए, ताकि उनकी वास्तविक जरूरतों के आधार पर योजना का स्वरूप तय किया जा सके।

बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो_  गौरा व एकल महिला स्वरोजगार योजना की समीक्षा करती हुई कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या।


Share This Post