हरिद्वार: गृह मंत्री के दौरे से पहले महिला कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका, सियासत गरमाई।

Share This Post

हरिद्वार।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड के हरिद्वार–ऋषिकेश दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सुनीता गावड़े को हरिद्वार पुलिस ने देर रात चिड़ियापुर क्षेत्र में रास्ते में रोक लिया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब दोनों नेता हल्द्वानी से हरिद्वार की ओर लौट रही थीं।
महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे गृह मंत्री अमित शाह को एक ज्ञापन सौंपने जा रही थीं, जिसमें उद्यमसिंहनगर में किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई जानी थी। ज्ञापन के माध्यम से इन मामलों में उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जानी थी।
महिला कांग्रेस का आरोप है कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने से पहले ही पुलिस द्वारा रास्ते में रोका जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की आलोचना करने वालों को दबाने की मंशा को दर्शाती है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि किसान आत्महत्या और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सच सुनने से बच रही है और इसी वजह से विपक्षी नेताओं को रोका जा रहा है। वहीं प्रदेश प्रभारी सुनीता गावड़े ने इसे महिला सम्मान और लोकतंत्र दोनों के खिलाफ बताया।
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला संगठनों में रोष देखने को मिला। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार ने इस तरह की कार्रवाई दोहराई तो प्रदेशभर में जन आंदोलन किया जाएगा।
वहीं देर रात तक इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वे किसान हितों और महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर पीछे हटने वाली नहीं हैं और उचित मंच पर अपनी आवाज उठाती रहेंगी।


Share This Post