हल्द्वानी: नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में आक्रोश, कुमाऊँ आयुक्त को सौंपा ज्ञापन।

Share This Post

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड में जारी नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत के कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
अभ्यर्थियों ने बताया कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया न्यायसंगत नहीं है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने मांग की कि नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को पूर्व की भांति वर्षवार प्रणाली के अनुसार आयोजित किया जाए तथा वर्तमान में संचालित भर्ती प्रक्रिया का पोर्टल तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए।
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने आईपीएचएस (IPHS) मानकों के अनुरूप शिक्षा स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में लगभग 2500 रिक्त पदों पर एक साथ भर्ती निकालने की मांग रखी। साथ ही आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को विशेष आयु छूट देने और उत्तराखण्ड के मूल निवासियों को प्राथमिकता देने की मांग भी की गई।


अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हालांकि प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल होने पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना स्थगित किए जाने की भी बात कही गई है।
नर्सिंग अधिकारी भर्ती को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच अब सभी की निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई हैं।


Share This Post