257 करोड़ के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण, आगामी सत्र से छात्राओं को मिलेगी आवासीय सुविधा।

Share This Post

लोहाघाट। छमनियां में 257 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समयसीमा तय की है। उन्होंने बास्केटबॉल कोर्ट, फुटबॉल और हॉकी मैदान का निर्माण नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, छात्रावास भवनों को दिसंबर तक तैयार करने को कहा, ताकि आगामी प्रवेश सत्र में छात्राओं को आवासीय सुविधा मिल सके।

सोमवार को जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल मैदान तैयार होने से छात्राओं को नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, छात्रावास बनने से दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभावान बालिकाओं को कॉलेज में रहकर प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा।

बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का उद्देश्य प्रदेश की बालिकाओं को बेहतर खेल प्रशिक्षण और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कॉलेज में खेल मैदान और छात्रावास तैयार होने से छात्राओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

फोटो_ छमनियां में निर्माणाधीन बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post