आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान, धामी सरकार के फैसले पर जताया आभार।

Share This Post

दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय, कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं को मिलेगा आर्थिक संबल।

देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजन माताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद कर्मचारी संगठनों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में विभिन्न आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सीमित संसाधनों के बावजूद मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। ऐसे में मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला उनके लिए आर्थिक राहत देने वाला है। सरकार की घोषणा के अनुसार दिसंबर 2026 से बढ़ा हुआ मानदेय दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास की योजनाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी भूमिका सराहनीय है। राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी कर्मियों के समर्पण और सेवाभाव से सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मानदेय वृद्धि पर आभार जताते आंगनबाड़ी कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि।


Share This Post