

गुंजी में परिक्रमा रन-2.0 संपन्न, अगले साल माणा पास से औली तक होगी 100 माइल्स अल्ट्रा रन
गुंजी (पिथौरागढ़)। उच्च हिमालयी क्षेत्र की दुर्गम वादियों में आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 का रविवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुंजी पहुंचकर दौड़ में प्रतिभाग किया और 70 तथा 42 किलोमीटर स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे धावकों ने हिस्सा लिया।
गुंजी पहुंचने पर रं समुदाय के लोगों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन पहाड़ी रास्तों, विषम मौसम और कम ऑक्सीजन वाले क्षेत्र में दौड़ना साहस, संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति की परीक्षा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए भारतीय सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारियों व जवानों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश परिक्रमा रन से सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इससे स्थानीय होमस्टे संचालकों, गाइडों, होटल व्यवसायियों और परिवहन कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वर्ष 2025 में आयोजित पहले संस्करण में 700 से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया था। इस बार भी आदि कैलाश क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ा है।
माणा पास से औली तक होगी 100 माइल्स अल्ट्रा रन_
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष मई के प्रथम सप्ताह में 100 माइल्स हिमालयन एंड्योरेंस अल्ट्रा रन आयोजित की जाएगी। करीब 5,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माणा पास से शुरू होने वाली यह दौड़ बदरीनाथ और जोशीमठ होते हुए औली तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि राज्य में ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, रिवर राफ्टिंग, कयाकिंग, पैराग्लाइडिंग और माउंटेन साइक्लिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नीति घाटी में भी अल्ट्रा रन का आयोजन किया गया है। सरकार सीमांत क्षेत्रों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री एवं उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष अशोक सिंह नबियाल, सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




