

पीएम मोदी के जन्मदिवस पर मंदिरों से गांवों तक दिखी जनभागीदारी, सेवा-जनकल्याण का लिया संकल्प।
चंपावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को चंपावत में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सेवा और जनभागीदारी की नई तस्वीर पेश की। जिले के धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों ने सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
गोरलचौड़ स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में दीपों की रोशनी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से कार्यक्रम में खासा उत्साह नजर आया।
‘आशीर्वाद का दीया’ की रोशनी शारदा घाट से पूर्णागिरि, श्यामलाताल से एबट माउंट और देवीधुरा से पंचेश्वर तक पहुंची। टी-गार्डन, घटकू-हिडिम्बा मंदिर, डिप्टेश्वर, मानेश्वर, कोलीढेक झील और नागार्जुन पार्क समेत विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
दीप जलाने के साथ लोगों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। प्रशासनिक कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में सेवा, स्वच्छता, पोषण, जनसहभागिता, नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य सरकारी प्रयासों को जनभागीदारी से जोड़कर सेवा की भावना को व्यापक रूप देना है।
गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, निदेशक केएमवीएन रोहित बिष्ट, सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।
फोटो_गोल्ज्यू देवता मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार, जनप्रतिनिधि एवं अन्य।




