खटीमा में वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, आठ बाइक बरामद!

Share This Post

आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी थीं सात चोरी की बाइक, दो विधि से संघर्षरत बालक पकड़े।

खटीमा, ऊधमसिंह नगर। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झनकट चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गईं सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। पुलिस ने कुल आठ चोरी की बाइक बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को चेकिंग के दौरान दोनों बालकों को मोटरसाइकिल संख्या UP23AE1186 के साथ पकड़ा गया। जांच में यह बाइक थाना खटीमा में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। पूछताछ में बालकों ने बताया कि चोरी की अन्य बाइकें ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे स्थित आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों की निशानदेही पर वहां छिपाई गई सात मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों में 7 अगस्त को पुलिस द्वारा पकड़ी गई बाइक UK06BN-6698 भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, कई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटाकर या तोड़कर उनकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। मामले में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस अब बरामद वाहनों को लेकर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं से भी इनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोनों विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों में हड़कंप मचा है।

फोटो_बरामद चोरी की बाइकों के साथ पुलिस टीम।


Share This Post