जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित, मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण और विवाद-मुक्त रहा मेला।
टनकपुर/चंपावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध आस्था केंद्र मां पूर्णागिरि धाम में आयोजित 109 दिवसीय पूर्णागिरि मेला-2026 का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को औपचारिक रूप से समापन कर दिया। हालांकि श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए अगले लगभग दस दिनों तक यात्रा मार्गों और धाम क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं जारी रहेंगी, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से समेटा जाएगा। इस वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित मेले ने व्यवस्थाओं और अनुशासन के नए मानक स्थापित किए। पूरे मेले के दौरान न तो कोई बड़ी दुर्घटना हुई और न ही किसी प्रकार का विवाद सामने आया। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रशासनिक सतर्कता के चलते करोड़ों की आस्था से जुड़े इस विशाल आयोजन का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी द्वारा स्थानीय स्तर पर सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और सेवा से जुड़े लोगों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित किए जाने का सकारात्मक प्रभाव व्यवस्थाओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भी पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात और सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। मेले के 109 दिनों के दौरान 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। वहीं पूरे वर्ष मां पूर्णागिरि धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 52 लाख से भी अधिक पहुंच जाती है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं का अतिथि की तरह स्वागत करने के साथ ही उनसे यह भी फीडबैक लिया गया कि भविष्य में मेले को और अधिक बेहतर बनाने के लिए उनकी क्या अपेक्षाएं हैं।
समापन समारोह के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मेले की सफल व्यवस्था में योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इतने विशाल धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और दिन-रात की मेहनत ने इसे संभव बनाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मां पूर्णागिरि मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि चम्पावत जिले की आन, बान और शान है। इस मेले के माध्यम से जिले की पहचान देशभर में स्थापित होती है और यहां की संस्कृति, आतिथ्य तथा व्यवस्थाओं का संदेश दूर-दूर तक पहुंचता है। समापन समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन गिरी, पूर्व अध्यक्ष भवन चंद्र पांडे, एसडीएम प्रमोद कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने मेले के सफल संचालन के लिए प्रशासन, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया।
फोटो – जिलाधिकारी मनीष कुमार पूर्णागिरि मेला-2026 के सफल संचालन में योगदान के लिए जिला पंचायत के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए।
चंपावत: 109 दिनों बाद पूर्णागिरि मेला 2026 का भव्य समापन, 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां के दर्शन।

