

चंपावत। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल बुधवार को चंपावत पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत के बाद हुई बैठक में कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का खाका खींचा। खर्कवाल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने का आह्वान किया।
खर्कवाल ने कहा कि 2027 का चुनाव कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे में उन्हें जनता के बीच भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी दिखाई दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार हो रहा है और आने वाले चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए खर्कवाल ने कहा कि सरकार धरातल पर विकास करने के बजाय इवेंट मैनेजमेंट और घोषणाओं में व्यस्त है। कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए कार्यों का ही बार-बार लोकार्पण कर उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं, जबकि नई योजनाएं गति नहीं पकड़ पा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कांग्रेस सरकार के समय दुर्गम गांवों तक सड़कें पहुंचाई गई थीं, लेकिन आज उन्हीं सड़कों की हालत बदहाल है। ग्रामीण सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब जिला अस्पताल में ही विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होंगे तो पहाड़ के मरीज बेहतर इलाज के लिए कहां जाएंगे।
खर्कवाल ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक मजबूत करेगी तथा जनता के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार आवाज उठाएगी।
फोटो_पत्रकारों से बातचीत करते कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हिमेश खर्कवाल।



