यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण,सुरक्षा–स्वच्छता–चिकित्सा पर विशेष फोकस।
चंपावत। आगामी 27 फरवरी से 15 जून तक आयोजित होने वाले पूर्णागिरि मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बूम फॉरेस्ट गेस्ट हाउस, टनकपुर में समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने मां पूर्णागिरि मंदिर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहे। मेले के दौरान किराया नियंत्रण, वाहनों की फिटनेस और आईपी आधारित सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा ओवरहैंगिंग तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा सुविधाओं के तहत चिकित्सकों की तैनाती, ऑक्सीजन, मोबाइल केयर यूनिट और एसडीआरएफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए पैदल मार्गों पर चैन डिवाइडर, बैरिकेडिंग और साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे। टैक्सी संचालन बैच प्रणाली से होगा। अग्नि सुरक्षा, खाद्य गुणवत्ता और मूल्य नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
चंपावत: 27 फरवरी से शुरू होगा पूर्णागिरि मेला-2026, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा।
