जिला पंचायत सभागार में नम हुईं आंखें, अधिकारियों-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने सराहा कार्यकाल, स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं।
चंपावत। जिला पंचायत सभागार बुधवार को उस समय भावुक हो उठा जब 33 वर्षों की उत्कृष्ट और समर्पित सरकारी सेवा पूरी करने के बाद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता और सरल व्यवहार की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने की। वक्ताओं ने कहा कि विजय उप्रेती ने अपने लंबे कार्यकाल में न केवल जिला पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि जिला पंचायत द्वारा आयोजित विभिन्न मेलों और आयोजनों का भी कुशलतापूर्वक संचालन कर नई पहचान दिलाई। उन्होंने हर नए बोर्ड और जनप्रतिनिधियों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन देकर संस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, कर अधिकारी प्रेमा कोहली और वित्त अधिकारी उमेश डांगी सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि विजय उप्रेती जैसे ईमानदार, जिम्मेदार और अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह समर्पित अधिकारी से उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उनके कार्य करने की शैली आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। समारोह में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने विजय उप्रेती को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
फोटो_33 वर्षों की सेवाओं के बाद विदाई समारोह में सम्मानित होते वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती एवं उनकी धर्मपत्नी।
चंपावत: 33 वर्षों की निष्कलंक सेवा को मिला सम्मान, भावुक माहौल में विजय उप्रेती को दी गई विदाई।
