चंपावत: 38 साल जंगलों की सेवा, अब वर्दी को कहा अलविदा; वन दरोगा करन सिंह बिष्ट सेवानिवृत्त।

Share This Post

गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए भी रहे हमेशा तत्पर, वन विभाग ने समारोह आयोजित कर दी भावभीनी विदाई

चंपावत। वन विभाग में 38 वर्षों तक निष्ठा और ईमानदारी से सेवाएं देने के बाद वन दरोगा करन सिंह बिष्ट शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूरी होने पर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन क्षेत्राधिकारी ब्रज मोहन आर्या ने की।
वन क्षेत्राधिकारी आर्या ने बताया कि करन सिंह बिष्ट ने वर्ष
1988 में वन रक्षक के रूप में राजकीय सेवा शुरू की थी।

अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के दम पर वह वन दरोगा के पद तक पहुंचे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने अवैध कटान रोकने, वनाग्नि सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और वृक्षारोपण सहित विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

डिप्टी रेंजर चतुर सिंह ने कहा कि बिष्ट की पहचान केवल एक कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी के रूप में ही नहीं, बल्कि संवेदनशील समाजसेवी के रूप में भी रही। उन्होंने सेवाकाल के दौरान गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक मदद के साथ बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग किया।

इस दौरान करन सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्होंने पिथौरागढ़ से अपनी राजकीय सेवा की शुरुआत की और बाद में चंपावत की विभिन्न रेंजों में काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वर्दी भले ही आज उतर रही है, लेकिन जंगल, गरीबों और धर्म के प्रति सेवा का भाव जीवनभर बना रहेगा।

फोटो_वन दरोगा करन सिंह बिष्ट को विदाई देते वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी।


Share This Post