चंपावत: 45 हजार में चरस का सौदा, 908 ग्राम खेप के साथ अलीगढ़ का आरोपी गिरफ्तार!

Share This Post

देवीधुरा के कथित सप्लायर तक पहुंची पुलिस, दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज!

टनकपुर। चंपावत में नशे के अवैध कारोबार पर ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी ने कार्रवाई करते हुए 908 ग्राम चरस के साथ अलीगढ़ निवासी शमसुद्दीन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने देवीधुरा क्षेत्र के मेतड़ा निवासी जमन सिंह से 45 हजार रुपये में चरस खरीदी थी। पुलिस ने कथित सप्लायर जमन सिंह को भी मुकदमे में नामजद किया है।

26 अक्टूबर को किरोड़ा नाले की ओर सड़क पर चेकिंग के दौरान एसओजी ने संदिग्ध अवस्था में मिले शमसुद्दीन की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 908 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह 25 अक्टूबर को चरस लेने चंपावत आया था और रात जमन सिंह के घर रुकने के बाद अगले दिन अलीगढ़ लौट रहा था।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। कोतवाली टनकपुर में शमसुद्दीन और जमन सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई कमलेश भट्ट सहित एसओजी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

फोटो_ 908 ग्राम चरस बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी।


Share This Post