कहा साल में एक या दो बार अवश्य घर आकर बनना मॉडल जिले का “ब्रांड अम्बेसडर”।
69वीं रैंक हासिल करने वाले अनुज बोले “डीएम सर की सीख जीवनभर मार्गदर्शक बनेगी”; माता-पिता संग हुए सम्मानित।
चंपावत। भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल करने वाले छुलापे गांव के 23 वर्षीय अनुज पंत का आज जिलाधिकारी आवास में सम्मान किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने न केवल अनुज बल्कि उनके माता-पिता और परिजनों का भी सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए अनुज को प्रशासनिक सेवा के मूल्यों—ईमानदारी, सादगी और निष्ठा—का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक अधिकारी बनना गर्व की बात है, लेकिन इसके साथ ही बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। अधिकारी को जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु बनकर कार्य करना होता है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि किसान परिवार से निकलकर सरकारी स्कूल में पढ़ाई और कठिन परिश्रम के बल पर ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी यह सोचकर कार्य करे कि उसे मिलने वाली सुविधाओं के बदले वह आम जनता के लिए क्या कर रहा है?तो उसकी कार्यशैली स्वतः ही बदल जाती है और उसके कार्यों से लोगों के चेहरे पर मुस्कान आने लगेगी। जिलाधिकारी ने कहा आप चाहे देश के किसी भी राज्य में रहे आपका अपनी मातृभूमि से नाता बना रहना चाहिए। यहां की जैसी सुंदर आवोहवा निश्छल जीवन कहा मिलता हैं। इससे आपके संपर्कों के कारण क्षेत्र का ओर विकास होगा। उन्होंने अनुज से यह भी अपेक्षा की कि वे जहां भी सेवा दे, मॉडल जिले के “ब्रांड अम्बेसडर” बन कर पर्यटकों व धार्मिक पर्यटकों का इस ओर रुख कर जिले के समग्र नियोजन में अपनी भूमिका निभाए।
अनुज पंत ने जिलाधिकारी से हुई इस मुलाकात को अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उन्हें जो मार्गदर्शन मिला है, वह उनके लिए धरोहर के समान है और आगे के जीवन में पथप्रदर्शक का काम करेगा। उन्होंने कहा डीएम सर की कार्य शैली उनका जिले के लोगों के प्रति जो लगाव एवं भाव है उसे देखते हुए उन्हें ऐसी नई अनुभूतियां हुई कि हमारी आमजनता के प्रति कितनी जिम्मेवारी होती है। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सादगी, कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है।
इस दौरान अनुज के माता-पिता मीना पंत और दिनेश पंत सहित बुआ प्रेमा कलखुड़िया, जिपं सदस्य योगेश जोशी, एलआईसी के प्रमुख अभिकर्ता के एन पंत, ग्राम प्रधान छुलापे गंगादत्त पंत, झिरकुनी के प्रधान नवीन जोशी समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने जिलाधिकारी की कार्यशैली और उनकी सादगी की सराहना की।
फोटो – जिलाधिकारी आवास चंपावत में IAS चयनित अनुज पंत, उनके माता-पिता व परिजनों को सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: आईएएस अनुज पंत का जिलाधिकारी आवास में सम्मान, डीएम मनीष कुमार से मिली सेवा और सादगी की प्रेरणा।
