चंपावत: उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब बिना ओटीपी भी मिलेगा सिलेंडर, चंपावत में बढ़ती मांग के बीच प्रशासन का फैसला।

Share This Post

ऑनलाइन के साथ मैन्युअल बुकिंग भी मान्य, कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी।

चंपावत।  जनपद चंपावत में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत देते हुए प्रशासन ने गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी व्यवस्था में अस्थायी ढील देने का निर्णय लिया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए केवल ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी प्रणाली पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गैस सिलेंडरों की मांग अचानक बढ़ने और ऑनलाइन बुकिंग की अधिक संख्या के कारण कई उपभोक्ताओं को तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए ऑयल मार्केटिंग कंपनी से समन्वय कर डिजिटल प्रक्रिया में अस्थायी छूट दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता अब सीधे गैस एजेंसी पर जाकर या डिलीवरीमैन के माध्यम से मैन्युअल बुकिंग भी करा सकेंगे। साथ ही गैस डिलीवरी के समय अनिवार्य रहने वाली डीएसी/ओटीपी इंटरलॉक व्यवस्था को भी फिलहाल हटा दिया गया है। अब मैन्युअल सत्यापन के आधार पर भी सिलेंडर दिया जाएगा।

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग दो दिन या उससे अधिक समय से लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। सभी गैस वितरकों को आदेशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को जिम्मेदारी दी गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए औचक निरीक्षण के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर
05965-230703 (1077), 7895318895, 7579060090 जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post