मुख्यमंत्री धामी ने छह करोड़ की अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का किया लोकार्पण, स्वास्थ्य क्षेत्र की 40 करोड़ से अधिक की योजनाओं को दी रफ्तार।
चंपावत। सीमांत जनपद चंपावत के लोगों को सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी राहत मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला चिकित्सालय में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से करीब छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में 40 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं को नई गति देते हुए कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ और विकसित उत्तराखंड की सबसे मजबूत नींव है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब चंपावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच अब जिला चिकित्सालय में ही संभव होगी, जिससे समय और धन की बचत के साथ मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल अस्पतालों का निर्माण नहीं कर रही, बल्कि उन्हें आधुनिक उपकरणों, प्रशिक्षित मानव संसाधन और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं से भी सशक्त बना रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा पार्किंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल रही है। वहीं इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 4.70 करोड़ रुपये की लागत से 129 बेड का छात्रावास बनकर तैयार हो चुका है। चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निशुल्क और कैशलेस उपचार मिल रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के इलाज में बाधा न बने।
उन्होंने सभी नागरिकों से स्वस्थ और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जब प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा, तभी उत्तराखंड समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो_जिला चिकित्सालय चंपावत में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
चंपावत को मिली एमआरआई की सौगात, अब सीमांत के मरीजों को नहीं दौड़ना पड़ेगा हल्द्वानी।
