चंपावत को मिली बड़ी राहत, आपात स्थितियों में अब नहीं बहाना पड़ेगा पसीना

Share This Post

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से मॉडल जिला चंपावत को मिली ऐतिहासिक “स्वर्ग रथ” सुविधा

चंपावत।  दुर्घटनाओं, आपात स्थितियों और आकाशीय आपदाओं के समय संसाधनों की कमी से जूझ रहे चंपावत जनपद को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर मॉडल जिला चंपावत में “स्वर्ग रथ” सुविधा की शुरुआत की गई है। यह सुविधा उत्तराखंड में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है, जो वर्तमान में राज्य के किसी अन्य जनपद में उपलब्ध नहीं है।
अब तक आपात परिस्थितियों में वाहन व्यवस्था, आवश्यक उपकरणों और संबंधित कर्मियों की उपलब्धता को लेकर आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार समय पर सहायता न मिल पाने से हालात और भी गंभीर हो जाते थे। नई “स्वर्ग रथ” सुविधा के शुरू होने से आपात सेवाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा।
इस जनसमस्या को शासन के समक्ष मजबूती से रखने में पूर्व जिलाधिकारी नवनीत पांडे, वर्तमान में मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव, की अहम भूमिका रही। जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने इस समस्या को नजदीक से समझा और इसके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए।
वर्तमान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनता दरबार के दौरान इस सुविधा की जानकारी आम नागरिकों को दी। घोषणा के बाद जिले भर में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व जिलाधिकारी नवनीत पांडे का आभार व्यक्त करते हुए इसे चंपावत के लिए एक ऐतिहासिक और जनहितकारी उपलब्धि बताया।

यह पहल न केवल आपात स्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करेगी, बल्कि चंपावत को वास्तव में मॉडल जिला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


Share This Post