चंपावत को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात — जिला अस्पताल में एमआरआई स्थापना शुरू, डीएम ने परखी तैयारियां।

Share This Post

क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीयू, ओटी, आइसोलेशन वार्ड के साथ लगेगी अत्याधुनिक एमआरआई, जिले में ही मिलेगा गंभीर मरीजों को उपचार।


चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिला चंपावत के संकल्प के तहत जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में जिला अस्पताल  में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की स्थापना का कार्य शुरू हो गया है।
      आज जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का स्थलीय निरीक्षण कर एमआरआई मशीन स्थापना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमआरआई कक्ष, आईसीयू ब्लॉक, आइसोलेशन वार्ड, ऑपरेशन थियेटर तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण करते हुए कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा सीएसआर मद के अंतर्गत एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है। यूनिट के अंतर्गत 4 आइसोलेशन वार्ड, 2 आईसीयू वार्ड, 2 अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, एमआरआई कक्ष, एक्स-रे कक्ष सहित अन्य उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद को मॉडल जिला के रूप में विकसित करने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। क्रिटिकल केयर यूनिट और एमआरआई मशीन शुरू होने से जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
      निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

फोटो_क्रिटिकल केयर यूनिट का स्थलीय निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार साथ में विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी।


Share This Post